Site icon Lahar Chakra

Hazaribagh : कारगिल युद्ध में शामिल फौजी अर्जुन सिंह का शव पुल के नीचे मिला, हत्या की आशंका

हजारीबाग: झारखंड के हजारीबाग जिले के डंडई कला गांव में बुधवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई जब गांव के ही 65 वर्षीय रिटायर्ड फौजी अर्जुन सिंह का शव पुल के नीचे मोटरसाइकिल समेत बरामद किया गया. अर्जुन सिंह भारतीय सेना से सेवानिवृत्त थे और कारगिल युद्ध में भी सेवा दे चुके थे.

अर्जुन सिंह की हुई संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की घटना ने न सिर्फ गांव को स्तब्ध कर दिया है, बल्कि छह साल पहले अर्जुन सिंह के बेटे की रहस्यमयी मौत की दर्दनाक यादें भी ताजा कर दी हैं. परिजन इस मामले को साजिशन हत्या बता रहे हैं.

परिजनों के अनुसार, अर्जुन सिंह मंगलवार शाम से लापता थे. देर रात तक घर वापस नहीं लौटने पर घरवालों को चिंता हुई. उनके नहीं लौटने पर परिवार ने खोजबीन शुरू की लेकिन रात को कुछ पता नहीं चला. इसके बाद बुधवार सुबह पुल के नीचे उनका शव मिला.

सूचना मिलते ही मुफस्सिल थाना प्रभारी कुणाल किशोर दल-बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को शेख भिखारी मेडिकल कॉलेज भेजा गया. परिजनों का कहना है कि शव पर कई गंभीर चोटों के निशान थे, जो किसी साधारण सड़क दुर्घटना की ओर इशारा नहीं करते.

परिवार ने जताई हत्या की आशंका, विशेष मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम की मांग

मृतक के भतीजे आलोक सिंह ने कहा कि यह एक सोची-समझी हत्या है. शव की हालत और घटनास्थल की स्थिति संदिग्ध है. हम विशेष मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम और उच्चस्तरीय जांच की मांग करते हैं.परिजनों का गुस्सा इस बात को लेकर भी है कि 2018 में अर्जुन सिंह के बेटे की भी संदिग्ध हालात में मौत हो गई थी. उनका शव गांव के ही एक कुएं से बरामद हुआ था, लेकिन वह मामला आज तक अनसुलझा है.

अर्जुन सिंह वर्ष 2001 में सेना से रिटायर हुए थे. वे कारगिल युद्ध के दौरान मैकेनिकल यूनिट में तैनात थे. सेवानिवृत्ति के बाद उन्होंने हजारीबाग के कई सामाजिक संगठनों से जुड़कर सेवा कार्य किए. स्थानीय लोग उन्हें एक मिलनसार, अनुशासित और मददगार व्यक्ति के रूप में याद कर रहे हैं.

Exit mobile version