
Ranchi : झारखंड में इस सप्ताह मौसम का मिजाज बदलने वाला है. मौसम विज्ञान केंद्र, रांची के अनुसार 26 जुलाई तक राज्य के कई हिस्सों में हल्की से लेकर भारी और अति भारी बारिश होने की संभावना है. इसके साथ ही तेज गर्जन और बिजली गिरने की भी आशंका है.
21 जुलाई को रांची, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां, बोकारो, हजारीबाग, देवघर और गोड्डा जैसे जिलों में तेज हवा (30-40 किमी/घंटा) के साथ गरज-चमक और हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. तापमान में 2-3 डिग्री की गिरावट भी दर्ज की जा सकती है.
22 जुलाई को सामान्य से मध्यम बारिश की संभावना है, जबकि 23 जुलाई को मौसम और भी ज्यादा सक्रिय रहेगा. उत्तर-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में बन रहे सिस्टम के कारण भारी बारिश के आसार हैं. 24 जुलाई को पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम और सरायकेला-खरसावां में बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है.
25 और 26 जुलाई को भी रुक-रुक कर बारिश का सिलसिला जारी रहेगा. रांची में इस दौरान आसमान में बादल छाए रहेंगे और एक-दो बार हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है. अधिकतम तापमान 30-31 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 23-24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की उम्मीद है.
अब तक रांची में 1 जून से 20 जुलाई तक 861 मिमी बारिश हो चुकी है, जो सामान्य से 75% अधिक है. इससे साफ है कि इस बार मानसून ने जोरदार दस्तक दी है. अगले कुछ दिन मौसम सुहाना रहेगा और लोगों को गर्मी से राहत मिलती रहेगी.
