
Ranchi. झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राज्य में लापता बच्चों और महिलाओं से जुड़े मामलों पर विशेष ध्यान और प्राथमिकता दी जाए। एक आधिकारिक बयान में यह जानकारी दी गई। मंगलवार शाम राज्य की कानून-व्यवस्था की स्थिति पर वरिष्ठ अधिकारियों के साथ डिजिटल माध्यम से हुई बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने उनसे ‘‘मादक पदार्थों की आपूर्ति शृंखला को तोड़ने’’ और इस कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने को भी कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा, ‘‘राज्य में लापता बच्चों और महिलाओं से जुड़े मामलों को प्राथमिकता दी जाए। ऐसे सभी मामलों पर विशेष ध्यान देना जरूरी है ताकि उनका जल्द पता लगाकर उन्हें सुरक्षित बचाया जा सके।’’
सोरेन ने कहा कि लोगों को भयमुक्त वातावरण उपलब्ध कराना उनकी सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने यह भी कहा कि राज्य में मादक पदार्थों के कारोबारियों और अफीम की खेती के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जानी चाहिए। सोरेन ने निर्देश दिया कि मादक पदार्थों के कारोबार में शामिल अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उनकी आपूर्ति शृंखला को तुरंत खत्म किया जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि स्कूलों, कॉलेजों और अन्य शैक्षणिक संस्थानों जैसे स्थानों पर विशेष निगरानी रखी जाए। भूमि से जुड़े अपराधों पर चिंता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि पुलिस अधिकारी किसी भी स्थिति में भू-माफिया को संरक्षण न दें। उन्होंने कहा कि राज्य के बड़े शहरों से सटे इलाकों में भूमि संबंधी अपराधों की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। सोरेन ने कहा कि भूमि विवाद से जुड़े सभी मामलों में पुलिस को सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
