Site icon Lahar Chakra

Hemant Soren: केंद्र सरकार देश को कमजोर करने और बांटने पर केंद्रित है, सीएम हेमंत सोरेन का भाजपा पर निशाना, देश को ‘कमजोर और विभाजित’ करने का आरोप लगाया

Ranchi. मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने सोमवार को 130वें संविधान संशोधन विधेयक को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) नीत केंद्र सरकार की कड़ी आलोचना की और आरोप लगाया कि सरकार देश को ‘‘कमजोर और विभाजित’’ करने वाले कदम उठा रही है. सोरेन ने कहा कि देश को मजबूत बनाने और इसके विकास से जुड़े मुद्दे भाजपा नेताओं के भाषणों तक ही सीमित हैं. मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘सभी गवाह हैं कि किस तरह के संविधान संशोधन हो रहे हैं. मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) पर भी काम चल रहा है. लोग उनके फैसलों का असर देख सकते हैं…वे (केंद्र सरकार) देश को कमजोर और विभाजित करने वाले कदमों पर ध्यान केंद्रित किए हुए हैं.

विधानसभा के बाहर सोरेन ने संवाददाताओं से कहा कि मुझे लगता है कि देश को मजबूत बनाने और इसके विकास की बातें सिर्फ भाजपा नेताओं के भाषणों तक ही सीमित हैं. झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) और कांग्रेस समेत ‘इंडिया’ गठबंधन के नेताओं ने सोमवार सुबह राज्य विधानसभा के बाहर बिहार में एसआईआर और 130वें संविधान संशोधन विधेयक के खिलाफ प्रदर्शन किया.

इस विधेयक में प्रावधान है कि यदि प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री या मंत्री 30 दिन या उससे अधिक समय तक जेल में रहते हैं तो वे पद पर बने नहीं रह सकेंगे. कांग्रेस नेता राहुल गांधी की ‘वोटर अधिकार यात्रा’ की सराहना करते हुए सोरेन ने कहा कि देश को ‘केंद्र सरकार के कुकृत्यों’ से अवगत कराना जरूरी है. उन्होंने कहा कि हम जनता द्वारा चुने गए हैं, इसलिए उन्हीं के पास जाना बेहतर रास्ता है. जनता की अदालत देश की सबसे बड़ी अदालत है.

Exit mobile version