Site icon Lahar Chakra

Himanshu Murder Case: पीड़ित परिवार से मिले करणी सेना प्रमुख डॉ. राज शेखावत, निष्पक्ष जांच और दोषियों पर सख्त कार्रवाई की मांग

Jamshedpur.बिष्टूपुर स्थित डीडी बार के बाहर आदित्यपुर के हरिओम नगर निवासी हिमांशु सिंह की तेरहवीं में रविवार को राष्ट्रीय राजपूत करणी सेना के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. राज शेखावत शामिल हुए। उन्होंने परिजनों से मुलाकात की और संवेदना व्यक्त करते हुए दुख की इस घड़ी में हरसंभव साथ देने का भरोसा दिया। इस दौरान मीडिया से बात करते हुए डॉ. राज शेखावत ने झारखंड सरकार और स्थानीय प्रशासन को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि जिस प्रकार पुलिस की मौजूदगी में हिमांशु की बेरहमी से हत्या कर दी गई, उससे यह साफ जाहिर होता है कि झारखंड में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चौपट हो चुकी है और अपराधियों में पुलिस का कोई खौफ नहीं है।

हिमांशु के पिता से बात करते हुए कहा कि घटना के वक्त मौके पर मौजूद तमाम लापरवाह पुलिसकर्मियों पर धारा 302 के तहत हत्या का मुकदमा दर्ज होना चाहिए। इसमें उनकी भूमिका की जांच होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि पकड़े गए आरोपियों का कोर्ट ट्रायल करने के बजाय सीधे एनकाउंटर किया जाना चाहिए, ताकि अपराधियों में खौफ पैदा हो। डॉ. शेखावत ने पीड़ित परिवार को सलाह दी कि उन्हें पूरे मामले की सीबीआई जांच की मांग करनी चाहिए। हालांकि, हिमांशु के पिता ने स्पष्ट किया कि वे अबतक की पुलिसिया कार्रवाई से संतुष्ट हैं।

इसके बावजूद शेखावत ने जोर देकर कहा कि निष्पक्ष जांच के लिए स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम का गठन किया जाए, जिसमें रिटायर जज भी शामिल हों। उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच बेहद जरूरी है, ताकि भविष्य में किसी और मासूम के साथ ऐसी खौफनाक घटना दोबारा न हो। इस दौरान हरिओम नगर स्थित आवास पर करणी सेना के दर्जनों पदाधिकारियों, सदस्यों सहित भारी संख्या में स्थानीय लोग और प्रबुद्ध नागरिक मौजूद रहे, जिन्होंने पीड़ित परिवार के लिए न्याय की मांग को दोहराया।

Exit mobile version