Lahar Chakra

BiG Breaking: Ranchi में भीषण सड़क हादसा; Jamshedpur की स्कार्पियो ने खड़े ट्रक में मारी टक्कर, आदित्यपुर के BJP नेता बास्को बेसरा के बेटे समेत तीन की मौत, एक गंभीर

Ranchi. रांची में मंगलवार अहले सुबह भीषण सड़क हादसा सामने आया. यहां स्कार्पियो ने खड़े ट्रक को टक्कर मार दी और इस घटना में तीन लोगों की मौत की सूचना है, जबकि एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया. मृतकों में भाजपा नेता बास्को बेसरा के बड़े पुत्र अग्नी बेसरा (25) भी शामिल है. वह रांची में रहकर पढ़ाई कर रहा था..मालूम हो कि पिछले साल कांदरबेड़ा में उनके छोटे पुत्र अनमोल बेसरा की भी सड़क हादसे में मौत हो चुकी है. दुर्घटना के समय वाहन में चार लोग सवार थे. हादसे के बाद एक अन्य व्यक्ति भी घटनास्थल पर मौजूद था, जो बदहवास अवस्था में था. उसने रोते हुए जमशेदपुर और बास्को बेसरा का नाम लिया. पीड़ित जमशेदपुर के निवासी थे.

पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना सदर थाना क्षेत्र के रांची कोकर इलाके में राम लखन सिंह यादव कॉलेज के पास तड़के करीब 3 बजे हुई. सदर थाना प्रभारी कुलदीप कुमार ने बताया कि स्कार्पियो जमशेदपुर की ओर से आ रही थी. उन्होंने बताया कि तेज रफ्तार से आ रहे स्कार्पियो ने कोकर में खड़े ट्रक को टक्कर मार दी. घायल व्यक्ति को उपचार के लिए रांची के राजेंद्र चिकित्सा विज्ञान संस्थान (रिम्स) में भर्ती कराया गया है.

स्थानीय लोगों ने बताया कि मंगलवार की सुबह करीब 3:00 बजे राम लखन सिंह कॉलेज के पास जोरदार आवाज सुनाई दी. जब लोगों ने देखा तो पता चला कि एक स्कॉर्पियो गाड़ी ने राम लखन सिंह कॉलेज के पास खड़े ट्रक में पीछे से टक्कर मार दी है. लोगों की चीख पुकार सुनकर बाकी लोग भी मौके पर पहुंचे.पुलिस को भी मामले की जानकारी दी गई, जिसके बाद काफी मशक्कत से गाड़ी में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया.

हादसे पर पूर्व केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा ने दुःख जताया, उन्होंने लिखा, भारतीय जानता पार्टी के वरिष्ठ नेता श्री बास्को बेसरा जी के बड़े पुत्र अग्नी बेसरा जी के सड़क दुर्घटना में असमय निधन का अत्यंत ही दुःखद समाचार प्राप्त हुआ. ईश्वर दिवंगत आत्मा को श्रीचरणों में स्थान दे एवं शोकाकुल परिवार को दुःख सहन करने की शक्ति प्रदान करे. ॐ शांति.

Exit mobile version