Site icon Lahar Chakra

Hot Weather Alert : जमशेदपुर समेत झारखंड में गर्मी के तेवर तल्ख, अगले दो दिनों में 3 डिग्री चढ़ेगा तापमान, सतर्कता बरतने की सलाह

Jamshedpur.जमशेदपुर समेत झारखंड में गर्मी के तेवर तल्ख हो गये हैं। उत्तर-पश्चिम भारत से गर्म और शुष्क हवाएं झारखंड की ओर आ रही हैं। दरअसल, पूर्वी उत्तर प्रदेश से दक्षिण छत्तीसगढ़ और मणिपुर तक दो टर्फ लाइन सक्रिय हैं, जिससे हवा का पैटर्न बदल रहा है। हवा में नमी की कमी के कारण तापमान तेजी से बढ़ रहा है। लोगों को झुलसाने वाली गर्मी का सामना करना पड़ रहा है। मौसम वैज्ञानिकों ने अगले दो-तीन दिनों तक विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी है।

रविवार को सरायकेला में 41.9 डिग्री, जमशेदपुर में 41.6 डिग्री और कोडरमा में 40 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया। राजधानी रांची में भी तापमान सामान्य से 6 डिग्री अधिक बढ़कर 39.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। तापमान में इस तेजी से बढ़ोतरी ने लोगों की परेशानी बढ़ा दी है।

मौसम विभाग ने आने वाले दिनों को लेकर चिंता और बढ़ा दी है। विभाग के अनुसार अगले दो दिनों में तापमान में करीब 3 डिग्री तक और बढ़ोतरी हो सकती है। कई इलाकों में लू चलने की भी संभावना जताई गई है। भीषण गर्मी का असर अब स्वास्थ्य पर भी दिखने लगा है। रिम्स और सदर अस्पताल में मरीजों की संख्या बढ़ने लगी है।

Exit mobile version