Site icon Lahar Chakra

Hot Weather: जमशेदपुर समेत पूरे कोल्हान का पारा 40 डिग्री होगा पार, होली के दौरान भी भीषण गर्मी का अलर्ट जारी

Jamshedpur. जमशेदपुर समेत कोल्हान में होली के दौरान विभिन्न हिस्सों में भीषण गर्मी की चेतावनी जारी की गई है. मौसम विभाग के एक अधिकारी ने बृहस्पतिवार को यह जानकारी दी. कोल्हान और पलामू मंडलों के कुछ जिलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने के आसार हैं. अधिकारी ने बताया कि शुक्रवार से अगले चार दिनों के दौरान अधिकतम तापमान में पांच डिग्री सेल्सियस तक की वृद्धि होने की संभावना है.

रांची मौसम विज्ञान केंद्र के प्रभारी अभिषेक आनंद ने बताया, ‘‘कोल्हान मंडल के लिए 14 मार्च को भीषण गर्मी का ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है, जिसमें तीन जिले सरायकेला-खरसावां, पूर्वी और पश्चिमी सिंहभूम शामिल हैं. उन्होंने बताया, ‘15 और 16 मार्च को कोल्हान के साथ पलामू मंडल में मुख्य रूप से पलामू और गढ़वा जिलों में भी ऐसी ही स्थिति रह सकती है. इन दो मंडलों में अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच सकता है.

आनंद ने कहा कि पश्चिमी क्षेत्र से आने वाली गर्म हवाओं के कारण अगले चार दिन झारखंड में अधिकतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की वृद्धि हो सकती है. झारखंड के डाल्टनगंज में बुधवार को अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा और सामान्य से छह डिग्री अधिक था जबकि पूर्वी सिंहभूम जिले के जमशेदपुर में तापमान 38.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया.मौसम विभाग ने लोगों को भीषण गर्मी के दौरान दोपहर 12 बजे से अपराह्न तीन बजे के बीच बाहर जाने से बचने और पानी पीते रहने की सलाह दी है.

Exit mobile version