Site icon Lahar Chakra

Howrah Mumbai Mail में मानव तस्करी का खुलासा, RPF–GRP की संयुक्त कार्रवाई में आरोपी गिरफ्तार

JAMSHEDPUR।
रेलवे सुरक्षा बल (RPF) रायपुर ने बचपन बचाओ आन्दोलन (BBA), जीआरपी और चाइल्ड लाइन की संयुक्त टीम के साथ बड़ी कार्रवाई करते हुए हावड़ा–मुंबई मेल (12810) से मानव तस्करी के आरोपी को गिरफ्तार किया है। आरोपी छह नाबालिग बच्चों को काम कराने के उद्देश्य से मुंबई ले जा रहा था। समय रहते की गई इस कार्रवाई ने बच्चों को एक बड़े शोषण चक्र में फंसने से बचा लिया।

सूचना मिलते ही सक्रिय हुई संयुक्त टीम

10 दिसंबर को RPF पोस्ट प्रभारी श्री कर्मपाल सिंह गुर्जर को विश्वसनीय सूचना मिली कि हावड़ा–मुंबई मेल के स्लीपर कोच में एक शख्स 5–6 नाबालिग बच्चों को नागपुर होते हुए मुंबई ले जा रहा है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए RPF की टीम तुरंत हरकत में आई और BBA के सहायक प्रोग्राम ऑफिसर आशीष कुमार, जीआरपी प्रधान आरक्षी प्रिया भारती और चाइल्ड लाइन रायपुर के विजय कुमार साहू के साथ संयुक्त ऑपरेशन चलाया गया।

S/2 और S/3 कोच में मिला संदिग्ध व्यक्ति

जब ट्रेन रायपुर स्टेशन पहुंची, टीम ने स्लीपर कोच S/2 और S/3 में चेकिंग की। इसी दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति की गतिविधियाँ संदिग्ध प्रतीत हुईं। पूछताछ में युवक की पहचान फिरोज अली मंडल (28 वर्ष) के रूप में हुई, जो पश्चिम बंगाल के वर्धमान जिला का निवासी है और फिलहाल मुंबई के मलाड क्षेत्र में रहता है।

उसके आसपास छह नाबालिग बच्चे मिले, जिनमें से कोई भी उसके रिश्तेदार या अभिभावक नहीं थे। जांच में पता चला कि वह इन बच्चों को हावड़ा से काम कराने के लिए मुंबई ले जा रहा था।

बच्चे सुरक्षित, आरोपी गिरफ्तार

संयुक्त टीम ने बच्चों और आरोपी को तुरंत ट्रेन से उतारकर रायपुर रेलवे स्टेशन स्थित चाइल्ड लाइन डेस्क पर ले जाया गया। विस्तृत पूछताछ के बाद मामले की पुष्टि मानव तस्करी के रूप में हुई।

इसके बाद जीआरपी रायपुर ने आरोपी पर अपराध क्रमांक 0147/25, धारा 143 BNS के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया।

RPF का ‘ऑपरेशन AAHT’ जारी

मानव तस्करी पर रोक लगाने के लिए रेलवे सुरक्षा बल द्वारा देशव्यापी ऑपरेशन AAHT (Anti Human Trafficking) चलाया जा रहा है। इसके तहत RPF लगातार ट्रेनों, स्टेशनों और संवेदनशील रूटों पर निगरानी बढ़ा रहा है।

इस संयुक्त कार्रवाई ने एक बार फिर साबित किया है कि रेलवे सुरक्षा एजेंसियां मानव तस्करी जैसे गंभीर अपराधों को रोकने के लिए पूरी तत्परता और जिम्मेदारी के साथ काम कर रही हैं।

Exit mobile version