Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur से जुड़े Human Trafficking के तार, बच्चियों को ले जाने वाली महिला को पुलिस ने पकड़ा तो हुआ बड़ा खुलासा

Jamshedpur. जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित लोको कॉलोनी की रहने वाली निशा तिऊ को परसुडीह थाना पुलिस ने मानव तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया है. उस पर लोको कॉलोनी निवासी नौवीं कक्षा की एक छात्रा को बहला-फुसलाकर रांची पहुंचाने का आरोप है, जहां से उसे बेचने के लिए दिल्ली ले जाने की योजना थी, हालांकि पुलिस की तत्परता के कारण मानव तस्करी में लिप्त यह संगठित गिरोह अपने उद्देश्य में सफल नहीं हो पाया एवं उन्हें किशोरी को धनबाद में ही छोड़ कर भागना पड़ा. परसुडीह थाना प्रभारी फ़ैज़ अहमद ने बताया कि निशा तिऊ नाबालिग लड़कियों को बहला फुसला कर रांची पंहुचा देती थी.

उसके बाद रांची की रहने वाली अंजलि कच्छप उन बच्चियों को दिल्ली ले जाकर बेचा करती थी. मालूम हो कि परसुडीह थाना क्षेत्र के लोको कॉलोनी की रहने वाली नौवीं कक्षा की छात्रा सरस्वती पूजा के दिन से ही गायब हो गई थी. परिजनों ने पड़ोस की रहने वाली निशा तिऊ पर शक जताते हुए उसे पकड़ कर पुलिस के हवाले कर दिया था. पुलिस ने जब निशा से सख्ती से पूछताछ की तो उसने सारा भेद खोल दिया. उसके बाद बच्ची को दिल्ली लेकर जा रही अंजलि कश्यप ने उसे धनबाद जीआरपी को सौंप दिया और भाग निकली. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए बच्ची का रेस्क्यू कराया और उसे परिजनों को सौंप दिया. थाना प्रभारी फैज अहमद ने बताया कि जल्द ही पूरे गिरोह का खुलासा हो जाएगा.

Exit mobile version