Lahar Chakra

NH 33 पर उतर आईं सैकड़ों महिला कर्मचारी, 4 घंटे चला विरोध प्रदर्शन, ठप रहा रांची-टाटा हाइवे, ये है वजह?

Ranchi. वेतन बढ़ाने और ड्यूटी का समय निर्धारित करने की मांग को लेकर दशम फॉल थाना क्षेत्र के पांचा स्थित अर्बन कंपनी में कार्यरत महिला कर्मचारियों ने बुधवार को विरोध प्रदर्शन किया. अपनी मांगों को लेकर आक्रोशित महिला कर्मचारियों ने रांची-टाटा मुख्य मार्ग को पांचा के पास जाम कर दिया. इसके कारण इस व्यस्त मार्ग पर करीब चार घंटे तक वाहनों का आवागमन पूरी तरह ठप रहा. सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं और राहगीरों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा. जाम के कारण इस मार्ग से गुजरने वाले छोटे-बड़े वाहनों के चालकों को घंटों इंतजार करना पड़ा.महिला कर्मचारियों का कहना है कि वेतन में बढ़ोतरी और ड्यूटी के समय को लेकर उनकी मांगे कई सालों से पेंडिंग हैं.

मामले को लेकर प्रबंधन लगातार लापरवाही बरत रहा है, जिससे आक्रोशित होकर बुधवार को वे लोग सड़कों पर उतर आईं. बड़ी संख्या में महिला कर्मचारियों के सड़क पर आकर प्रदर्शन करने की वजह से हर तरफ सड़क जाम हो गया. देखते ही देखते सड़क पर वाहनों की आवाजाही बाधित हो गई और मार्ग के दोनों ओर जाम की स्थिति बन गई. जाम में फंसे यात्रियों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में देरी हुई. वहीं, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों को भी परेशानी झेलनी पड़ी.

पुलिस ने संभाला मोर्चा, प्रबंधन से कराई वार्ता
सड़क जाम की सूचना मिलने के बाद दशम फॉल थाना की पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने आंदोलन कर रही महिला कर्मचारियों को समझाने का प्रयास किया. साथ ही उनकी मांगों को लेकर कंपनी प्रबंधन से बातचीत कराई गई.

पुलिस की पहल पर महिला कर्मचारियों और प्रबंधन के बीच वार्ता हुई. बातचीत के दौरान प्रबंधन की ओर से कर्मचारियों की कई मांगों पर सहमति जताई गई. इसके बाद आंदोलन कर रही महिला कर्मचारियों ने सड़क से जाम हटा लिया.

Exit mobile version