Site icon Lahar Chakra

IIT Kharagpur: आईआईटी खड़गपुर के छात्रावास में फिर छात्र मृत मिला, पिछले 10 दिनों के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना

Kharagpur. भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी), खड़गपुर के छात्रावास में एमटेक का एक छात्र मृत मिला। परिसर में पिछले 10 दिनों के भीतर इस तरह की यह दूसरी घटना है। संस्थान के एक अधिकारी ने बताया कि मृतक छात्र की पहचान सोहम हल्दर (22) के रूप में हुई है। हल्दर ‘इलेक्ट्रॉनिक्स और इलेक्ट्रिकल कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग’ का छात्र था और परिसर स्थित पंडित मदनमोहन मालवीय छात्रावास में रहता था।

पुलिस के अनुसार, शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। खड़गपुर टाउन थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पोस्टमार्टम होने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चलेगा।
एक बयान में संस्थान ने छात्र की मृत्यु पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है। बयान के अनुसार, प्रशासन ने मृतक के परिवार को सूचित कर दिया है और उन्हें हरसंभव सहायता प्रदान की जा रही है।

संस्थान के निदेशक सुमन चक्रवर्ती ने ‘पीटीआई-भाषा’ को बताया कि आईआईटी खड़गपुर तनाव और अवसाद से जूझ रहे छात्रों की पहचान करने से संबंधित तंत्र को और मजबूत करेगा तथा उनकी समस्याओं के समाधान के लिए आवश्यक कदम उठाएगा। उन्होंने बताया कि मृतक उत्तर 24 परगना जिले के बारासात का रहने वाला था।

मामले की जांच कर रहे जांचकर्ता घटनाक्रम को समझने के लिए छात्रावास परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज की भी जांच कर रहे हैं। यह घटना 18 अप्रैल को हुई एक अन्य छात्र की मौत के कुछ ही दिनों बाद सामने आई है। अहमदाबाद के छात्र जयबीर सिंह डोडिया (21) की छात्रावास की आठवीं मंजिल से कथित तौर पर कूदने के कारण मृत्यु हो गई थी। वह मैकेनिकल इंजीनियरिंग के तृतीय वर्ष का छात्र था।

Exit mobile version