Patna. बिहार के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) विनय कुमार ने सोमवार को कहा कि पुलिस जल्द ही राज्य में 1,172 अपराधियों की अवैध संपत्ति कुर्क करने की कार्यवाही शुरू करेगी. पत्रकारों से बातचीत में कुमार ने कहा कि 1,172 अपराधियों की संपत्ति की पहचान कर ली गई है और जल्द ही कुर्की की कार्यवाही शुरू होगी. इनमें से कई संपत्तियां अवैध गतिविधियों के जरिए अर्जित की गई हैं. कुछ आरोपी फरार भी हैं.

उन्होंने कहा कि इस संबंध में एक विस्तृत प्रस्ताव को अंतिम रूप दिया जा रहा है. मामलों की संख्या के आधार पर जिलों को वर्गीकृत किया जा रहा है. प्रमुख जिलों के लिए हम सरकार से अनुरोध करेंगे कि वे जघन्य मामलों के लिए पांच त्वरित अदालतें स्थापित करें. न्याय प्रदान करने में तेजी लाने और लंबित मामलों को कम करने के लिए त्वरित अदालतें महत्वपूर्ण हैं. डीजीपी ने कहा कि राज्य सरकार भ्रष्टाचार को कतई बर्दाश्त नहीं करने के लिए प्रतिबद्ध है.