Site icon Lahar Chakra

IMD Heavy Rain Alert: जमशेदपुर समेत झारखंड के कुछ हिस्सों में 13 से 15 जुलाई तक भारी बारिश की चेतावनी, ‘येलो अलर्ट’ जारी

Ranchi.भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने जमशेदपुर समेत झारखंड के कुछ हिस्सों में 13 से 15 जुलाई तक भारी बारिश होने के पूर्वानुमान मद्देनजर ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है. मौसम विभाग ने कहा कि राज्य में गुमला, खूंटी, सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में 13 जुलाई के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. वहीं, गिरिडीह, बोकारो, धनबाद, देवघर, दुमका, जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम और पश्चिमी सिंहभूम जिलों में 14 जुलाई के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया गया है. आईएमडी के बुलेटिन के अनुसार, 15 जुलाई को देवघर, जामताड़ा, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और साहेबगंज जिलों में भारी बारिश हो सकती है. रांची मौसम केंद्र के उपनिदेशक अभिषेक आनंद ने कहा, ‘‘राज्य में 15 जुलाई तक हल्की से मध्यम बारिश के साथ कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है.

अधिकारियों ने बताया कि झारखंड में एक जून से 12 जुलाई के बीच सामान्य 296.4 मिमी के मुकाबले 499.6 मिमी बारिश हुई है, जो 69 प्रतिशत अधिक है. उन्होंने कहा कि इस अवधि में पूर्वी सिंहभूम जिले में सर्वाधिक 157 प्रतिशत अधिक वर्षा दर्ज की गई और इसके बाद रांची में 150 प्रतिशत तथा सरायकेला-खरसावां में 130 प्रतिशत अधिक बारिश हुई.

हालांकि, झारखंड के पांच जिलों देवघर, गढ़वा, गोड्डा, साहेबगंज और पाकुड़ में एक जून से 12 जुलाई के बीच बारिश में 21 से 29 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है.

Exit mobile version