Adityapur. सरायकेला-खरसावां: आदित्यपुर में विवाहिता पिंकी कुमारी की मौत के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पति मनीष शर्मा समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया है। चारों आरोपियों को पूछताछ और अनुसंधान के बाद न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मृतका के परिजनों की ओर से दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया गया है। पुलिस मामले के सभी पहलुओं की जांच कर रही है। पुलिस के अनुसार, इस मामले में ललित महतो, पिता स्वर्गीय महेश्वर महतो, निवासी रोड नंबर तीन, आदित्यपुर-1, ब्लॉक नंबर 22/2/2 के लिखित आवेदन पर 27 अक्टूबर 2026 को आदित्यपुर थाना में कांड संख्या 306/26 दर्ज किया गया था।

मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 80(2) के तहत प्राथमिकी दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू की।अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने पति मनीष शर्मा, उसके पिता श्याम शर्मा, मां पूनम शर्मा और सतीश शर्मा को गिरफ्तार किया। चारों आरोपी आदित्यपुर थाना क्षेत्र के बसंती मंदिर, सतवानी स्थित जॉइनेस्ट अपार्टमेंट, रोड नंबर तीन के निवासी बताए गए हैं

पुलिस के मुताबिक, पिंकी कुमारी और मनीष शर्मा के बीच प्रेम संबंध था। दोनों ने 6 जून 2026 को रामगढ़ स्थित रजरप्पा मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से विवाह किया था। शादी के बाद दोनों आदित्यपुर स्थित जॉइनेस्ट अपार्टमेंट में साथ रह रहे थे। इसी दौरान विवाहिता की मौत हो गई, जिसके बाद मामला पुलिस तक पहुंचा।
विवाहिता की मौत को लेकर दर्ज प्राथमिकी में दहेज प्रताड़ना और हत्*या के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने मामले में पति समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। फिलहाल, पुलिस घटना से जुड़े साक्ष्यों और अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। मामले में लगाए गए आरोपों की पुष्टि जांच और न्यायिक प्रक्रिया के दौरान होगी।

