Site icon Lahar Chakra

IMD Weather Report: बंगाल की खाड़ी में आ रहा चक्रवात, कैबिनेट सचिव ने दिये ये निर्देश, कोल्हान में भी भारी बारिश का येलो अलर्ट

Ranchi. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने बंगाल की खाड़ी में बनने वाले आगामी चक्रवात के प्रभाव के तहत 29-30 अक्टूबर को झारखंड में भारी बारिश का पूर्वानुमान व्यक्त किया है. एक अधिकारी ने शनिवार को यह जानकारी दी. उन्होंने कहा कि 29 और 30 अक्टूबर को सिमडेगा, सरायकेला-खरसावां, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, जामताड़ा, देवघर, दुमका, पाकुड़, गोड्डा और सिंहभूम के लिए भारी बारिश का ‘येलो’ अलर्ट जारी किया गया है. रांची मौसम विज्ञान केंद्र के उप निदेशक अभिषेक आनंद ने को बताया, “आगामी चक्रवात के प्रभाव से मौसम में बदलाव की उम्मीद है. 28 अक्टूबर को हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है, जबकि 29 और 30 अक्टूबर को पूरे राज्य में व्यापक बारिश होने की संभावना है.

आईएमडी ने कहा कि 27 अक्टूबर तक दक्षिण-पश्चिम और उससे सटे पश्चिम-मध्य बंगाल की खाड़ी में एक गहरे दबाव का क्षेत्र चक्रवात में तब्दील हो सकता है. इसके बाद, 28 अक्टूबर की सुबह तक इसके एक गंभीर चक्रवात में तब्दील होने की संभावना है.

कैबिनेट सचिव टीवी सोमनाथन ने बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात से निपटने की तैयारियों की समीक्षा की. उन्होंने कहा कि इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना होना चाहिए कि जान-माल की कोई हानि न हो और संपत्ति तथा बुनियादी ढांचे को न्यूनतम नुकसान हो. मछुआरों को समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है और 900 से अधिक जहाजों को किनारे पर ले जाया गया है. राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ) की टीमों को अलर्ट पर रखा गया है और उन्हें अल्प सूचना पर तैनात किया जाएगा. वहीं, सेना, नौसेना, वायुसेना और भारतीय तटरक्षक बल की बचाव एवं राहत टीमों को उनके जहाजों और विमानों के साथ तैयार रखा गया है.

मछुआरों को सलाह दी गई है कि वे 26 से 29 अक्टूबर तक तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश, पुडुचेरी और ओडिशा तट के साथ-साथ दक्षिण-पश्चिम और निकटवर्ती मध्य बंगाल की खाड़ी में न जाएं. आधिकारिक विज्ञप्ति के अनुसार, समुद्र में मौजूद लोगों को तुरंत तट पर लौटने की सलाह दी गई है.

Exit mobile version