


जमशेदपुर. बिष्टुपुर थाना क्षेत्र में हुई एक बड़ी वारदात का खुलासा पुलिस ने कर दिया है. शराब माफिया मुन्ना घोष के बेटे शिवम घोष पर 19 फरवरी को धातकीडीह में हुए हमले के मामले में पुलिस ने सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
सिटी एसपी कुमार शुभाशीष के मुताबिक, सभी आरोपियों का आपराधिक इतिहास है. यह हमला क्षेत्र में वर्चस्व स्थापित करने के लिए किया गया था. घटना में शिवम घोष को अपराधियों ने घेरकर गोली मार दी थी. फिलहाल उनका टाटा मुख्य अस्पताल में इलाज चल रहा है.
गिरफ्तार आरोपियों में मानोज विभर, विशाल विभर, शोएब अख्तर, सोमेश राव, मोहम्मद आसिफ, परवेज खान और सोनू झा शामिल हैं. पुलिस ने इनके पास से तीन 7.65 एमएम पिस्टल और सात जिंदा कारतूस बरामद किए हैं. घटना में इस्तेमाल की गई स्कूटी और बाइक के अलावा एक आईफोन और मोबाइल भी जब्त किया गया है.
मामले की जांच के लिए सीसीआर डीएसपी मुकेश ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी. टीम ने तकनीकी और मानवीय जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया.
शनिवार को प्रेस वार्ता के दौरान जानकारी देते हुए सिटी एसपी कुमार शिवाशीष ने बताया कि घटना के बाद सभी शहर छोड़ने की फिराक में थे. पुलिस ने आशिफ को कोलकाता से गिरफ्तार किया जिसके बाद सभी को गिरफ्तारी होती गई. उन्होंने बताया कि शिवम और आरोपियों के बीच का विवाद आठ साल पुराना है.
इसके अलावा जेल में भी सभी का विवाद हुआ था. सोशल मीडिया पर भी दोनों पक्ष एक दूसरे के लिए विवादित बयान देते रहे थे. इसी को लेकर हमलावरों ने एक माह पूर्व से ही प्लान बनाया था. घटना के दिन रेकी की और घटना को अंजाम दिया. कुमार शिवाशीष ने बताया कि सभी आरोपियों पर आर्म्स एक्ट समेत कई मामले दर्ज है. फिलहाल सभी को जेल भेज दिया गया है.



