
Jamshedpur. Tata Steel के जमशेदपुर प्लांट की सर्वोच्च संयुक्त कमेटी JCCM की बैठक गुरुवार को हुई. बैठक में कहा गया कि टाटा स्टील के समक्ष चुनौतियां काफी ज्यादा है. इन चुनौतियों से निबटने के लिए सबको मिलकर खर्च में कटौती करने पर फोकस करते हुए आगे बढ़ना होगा. इसको गंभीरता से लेते हुए यूनियन को भी पूरा सहयोग करना होगा. उत्पादकता को बढ़ाना होगा. यह बातें Tata Steel की संयुक्त कमेटी JCCM की बैठक में मैनेजमेंट की ओर से यूनियन के पदाधिकारियों को कहा गया.
JCCM की बैठक काफी दिनों के बाद हुई. इस बैठक की अध्यक्षता टाटा स्टील के वीपी चैतन्य भानु ने की. वहीं वीपी एचआरएम अतरई सान्याल, पीयुष गुप्ता, आशीष अनुपम, चाणक्य चौधरी समेत अन्य वरीय अधिकारी मौजूद थे. इस दौरान टाटा वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष संजीव चौधरी टुन्नु बतौर वाइस चेयरमैन मौजूद थे. वहीं यूनियन के सभी 11 पदाधिकारी भी उपस्थित थे. इस दौरान यह बताया गया कि कंपनी के भीतर कई विभागों में वर्क परमिट मिलने में देरी होने का मुद्दा उठाया गया. इस दौरान बताया गया कि इस देरी के कारण वेंडर और स्थायी प्रवृति का काम करने वाले कर्मचारी भी काम नहीं पाते हैं. इससे प्लांट की प्रोडक्टिविटी भी प्रभावित हो रही है. इस पर तत्काल कार्रवाई करते हुए वर्क परमिट में देरी नहीं हो, यह सुनिश्चित कराने को कहा गया. इस दौरान कंपनी के आयरन मेकिंग, लॉन्ग प्रोडक्ट, फ्लैट प्रोडक्ट और शेयर्ड सर्विसेज के पदाधिकारियों द्वारा अपनी रिपोर्ट पेश की गयी.
