Site icon Lahar Chakra

INDIA Alliance: विपक्षी दलों ने पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी को उपराष्ट्रपति पद का उम्मीदवार घोषित किया

New Delhi. कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने मंगलवार को घोषणा की कि उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश बी. सुदर्शन रेड्डी उपराष्ट्रपति चुनाव के लिए विपक्षी दलों के संयुक्त उम्मीदवार होंगे. साथ ही उन्होंने देश के दूसरे सबसे बड़े पद के लिए होने वाले चुनाव को ‘वैचारिक लड़ाई’ बताया. रेड्डी उच्चतम न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश और गोवा के पहले लोकायुक्त हैं. वह हैदराबाद स्थित अंतरराष्ट्रीय माध्यस्थम् एवं मध्यस्थता केंद्र के न्यासी बोर्ड के सदस्य भी हैं. रेड्डी 21 अगस्त को अपना नामांकन दाखिल करेंगे. संयुक्त विपक्ष की बुधवार दोपहर संविधान सदन (पुराने संसद भवन) के केंद्रीय कक्ष में एक बैठक होगी.
खरगे ने कहा, ‘ विपक्षी ‘इंडिया’ गठबंधन के सभी दलों ने एक साझा उम्मीदवार चुनने का फैसला किया है,

यह फैसला सर्वसम्मति से लिया गया है. मुझे खुशी है कि सभी विपक्षी दल एक नाम पर सहमत हुए. यह लोकतंत्र के लिए एक बड़ी उपलब्धि है.’ उन्होंने कहा, ‘जब भी लोकतंत्र और संविधान पर हमला होता है, विपक्षी दल एकजुट होकर उसका मुकाबला करते हैं. इसलिए हमने इस चुनाव में एक अच्छे उम्मीदवार को मैदान में उतारने का फैसला किया है.’ राज्यसभा में विपक्ष के नेता खरगे ने कहा कि रेड्डी भारत के सबसे ‘प्रतिष्ठित और प्रगतिशील न्यायविदों’ में से एक हैं.

Exit mobile version