
Ranchi. 30 नवंबर को भारत और साउथ अफ्रीका के बीच होने वाले वनडे मैच के लिए क्रिकेट प्रेमियों का गजब उत्साह देखने को मिल रहा है. रांची के जेएससीए स्टेडियम में मंगलवार सुबह 9 बजे से टिकटों की बिक्री शुरू हुई. लेकिन क्रिकेट प्रेमियों का मैच के प्रति इतना जुनून है कि ठंड में लोग देर रात से ही टिकट काउंटर के बाहर कतार में लग गए. कई युवा और क्रिकेट प्रेमी सुबह की भीड़ से बचने के लिए रात में ही स्टेडियम परिसर पहुंच गए. कई फैंस ने तो रातभर वहीं इंतजार किया, ताकि सुबह सबसे पहले टिकट खरीदने वालों में उनका नाम शामिल हो. सुबह होने से पहले ही जेएससीए स्टेडियम के बाहर लंबी लाइनें नजर आने लगीं.
दूसरी ओर, रांची के अलावा बोकारो, धनबाद, जमशेदपुर, हजारीबाग और रामगढ़ सहित कई जिलों से दर्शक टिकट खरीदने पहुंचे हैं. बिहार और बंगाल से भी क्रिकेट प्रेमियों का आना जारी है. बढ़ती भीड़ और सीमित काउंटरों की वजह से पुलिस बल पर भी दबाव बढ़ रहा है. लोग लगातार प्रशासन से मांग कर रहे हैं कि टिकट काउंटरों की संख्या बढ़ाई जाए और प्रक्रिया को तेज किया जाए.
एक व्यक्ति को सिर्फ दो टिकट
टिकट की बिक्री के लिए कुल 6 काउंटर बनाए गए हैं. इनमें से एक काउंटर सिर्फ महिलाओं के लिए है, ताकि वो बिना किसी परेशानी के आसानी से टिकट ले सकें. टिकट काउंटर सुबह नौ बजे से तीन बजे तक खुले रहेंगे. टिकट खरीदने के लिए आधार कार्ड अनिवार्य है. साथ ही एक व्यक्ति को दो टिकट ही मिलेगा.
क्रिकेट प्रेमियों ने इंतजाम पर सवाल उठाए
क्रिकेट प्रेमियों का आरोप है कि प्रशासन ने भीड़ का अंदाजा लगाया जरूर, लेकिन इंतजाम उस हिसाब से नहीं किए गए. टिकट खरीदना किसी बड़ी परीक्षा जैसी हो गई है. इन आरोपों पर प्रतिक्रिया देते हुए विधि-व्यवस्था संभाल रहे डीएसपी ने कहा कि पुलिस की ओर से पूरी तैयारी की गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है.
उन्होंने बताया कि जगह-जगह ड्रॉप गेट लगाए गए हैं ताकि भीड़ को विभिन्न सेक्शन में बांटा जा सके. पुलिस लगातार गश्त कर रही है और अव्यवस्था नहीं होने दी जाएगी. उन्होंने यह भी दावा किया कि जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त बल बुलाया जाएगा.