
Ranchi : झारखंड स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (JSCA) स्टेडियम, रांची में 30 नवंबर 2025 को भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट मैच होगा. यह खबर झारखंड के क्रिकेट प्रेमियों के लिए बड़ी खुशी लेकर आई है.
अक्टूबर 2022 के बाद रांची में यह पहला अंतरराष्ट्रीय मैच होगा. उस समय भारत ने दक्षिण अफ्रीका को सात विकेट से हराया था. अब दोनों टीमें इस इतिहास को दोहराने के लिए तैयार हैं. JSCA के एक अधिकारी ने बताया कि जनवरी 2026 में न्यूजीलैंड के भारत दौरे के दौरान भी रांची को एक अंतरराष्ट्रीय मैच मिलने की संभावना है.
JSCA स्टेडियम में अब तक 6 वनडे मैच हुए हैं, जिनमें भारत ने 3 जीते, 2 हारे और 1 रद्द रहा. इसके अलावा, यहां 3 टेस्ट और 4 टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले जा चुके हैं. महिला क्रिकेट में भी यह मैदान खास है, जहां 3 वनडे और 3 टी-20 मैच हो चुके हैं.
