
Ranchi. भारतीय रेल से सफर करने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। रेलवे बोर्ड बोर्डिंग स्टेशन बदलने की समय सीमा बढ़ाने पर विचार कर रहा है। नए प्रस्ताव के अनुसार, यात्री ट्रेन के दूसरे रिजर्वेशन चार्ट बनने तक अपना बोर्डिंग स्टेशन बदलने के लिए आवेदन कर सकेंगे। अभी यह सुविधा केवल पहले रिजर्वेशन चार्ट बनने तक सीमित है। रेल यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए बोर्डिंग स्टेशन बदलने के नियमों में बदलाव करने की तैयारी कर रहा है. नये प्रस्ताव के तहत सामान्य ट्रेनों में यात्री चार्ट तैयार होने से करीब तीस मिनट पहले तक तथा प्रीमियम ट्रेनों जैसे वंदे भारत एक्सप्रेस में 15 मिनट पहले अपना बोर्डिंग स्टेशन बदल सकेंगे. इस संबंध में रेलवे बोर्ड के निदेशक (पैसेंजर मार्केटिंग-2) ने सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम (सीआरआइएस) को आवश्यक दिशा निर्देश जारी कर दिये हैं.
मौजूदा प्रक्रिया के तहत ट्रेनों के तय समय से करीब 10 से 20 घंटे पहले रिजर्वेशन चार्ट बनना शुरू हो जाता है. यात्रियों को ज्यादा सुविधा देने के लिए रेलवे बोर्ड ने सेंटर फॉर रेलवे इंफॉर्मेशन सिस्टम को इस प्रस्ताव की व्यावहारिकता जांचने को कहा है. अगर यह नयी व्यवस्था लागू हो जाती है, तो यात्रियों को बड़ी राहत मिल सकती है.
