
New Delhi. भारतीय रेलवे खानपान एवं पर्यटन निगम (आईआरसीटीसी) ने कहा कि ट्रेन के शौचालय में प्लेट और कटोरियां धोते हुए कर्मचारियों का वीडियो वायरल होने के बाद संबंधित ठेकेदार पर जुर्माना लगाया गया और संबंधित कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया गया। बताया जा रहा है कि यह वीडियो कथित तौर पर मुंबई-कोच्चि दुरंतो एक्सप्रेस में एक यात्री ने बनाया था, जो सोशल मीडिया के कई मंचों पर वायरल हो गया। इसके बाद आईआरसीटीसी ने कार्रवाई शुरू की।
आईआरसीटीसी ने कहा, 24 मई 2026 की घटना के संबंध में त्वरित कार्रवाई की गई, सेवा प्रदाता पर जुर्माना लगाया गया और संबंधित कर्मचारियों को सेवा से हटा दिया गया।” आईआरसीटीसी ने कहा, यात्रियों की सुरक्षा सर्वोपरि है। आईआरसीटीसी स्वच्छता के कड़े मानकों का पालन करता है और किसी भी उल्लंघन पर सख्त कार्रवाई करता है।”
वायरल वीडियो में खानपान सेवा से जुड़ा एक कर्मचारी ट्रेन के शौचालय के अंदर प्लेट और कटोरियां साफ करता दिखाई दे रहा है। बाद में उन्हें पश्चिमी शैली के कमोड के ढक्कन पर रखी टोकरी में रखा जाता है।
आईआरसीटीसी के अधिकारियों ने बताया कि विभिन्न ट्रेनों में यात्रियों को भोजन उपलब्ध कराने वाली ठेका कंपनियों को स्वच्छता के उच्च मानक बनाए रखने के लिए नियमित रूप से परामर्श दिया जाता है। एक अधिकारी ने कहा, “यात्रियों को भोजन परोसने वाले इन कर्मचारियों को स्वच्छता संबंधी तौर-तरीकों का नियमित प्रशिक्षण और मार्गदर्शन दिया जाता है।
जब भी ऐसे मामले हमारे संज्ञान में आते हैं, हम तुरंत जुर्माना लगाने और अन्य आवश्यक कदम उठाने जैसी कार्रवाई करते हैं। जब उनसे इस संबंध में मीडिया में आई उन खबरों के बारे में पूछा गया, जिनमें कहा गया था कि भारतीय खाद्य सुरक्षा मानक प्राधिकरण (एफएसएसएआई) ने भी निगम को नोटिस जारी किया है, तो अधिकारी ने कहा, हम इस बारे में देखेंगे।
