
हाजीपुर: यात्रियों की लगातार बढ़ रही भीड़ को देखते हुए भारतीय रेलवे ने बड़ा निर्णय लेते हुए 4 जोड़ी स्पेशल ट्रेनों के परिचालन अवधि में विस्तार कर दिया है। इस फैसले से बिहार, झारखंड, तेलंगाना, महाराष्ट्र और ओडिशा की यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। पूर्व मध्य रेल द्वारा जारी सूचना के अनुसार पटना-चर्लपल्ली, चर्लपल्ली-दानापुर, रक्सौल-लोकमान्य तिलक और पटना-खोरधा रोड जंक्शन स्पेशल ट्रेनों को नई तिथियों तक चलाया जाएगा।
पटना-चर्लपल्ली स्पेशल ट्रेन अब सितंबर तक चलेगी
गाड़ी संख्या 03253/03254/03255 पटना-चर्लपल्ली-पटना स्पेशल के परिचालन में विस्तार किया गया है। यह ट्रेन गया, कोडरमा, गोमो, रांची, बिलासपुर, रायपुर, नागपुर और काजीपेट मार्ग से चलेगी। पटना से 03253 स्पेशल अब 3 अगस्त 2026 से 16 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार और बुधवार को चलेगी। वापसी में 03254 चर्लपल्ली-पटना स्पेशल 5 अगस्त से 16 सितंबर तक प्रत्येक बुधवार, जबकि 03255 7 अगस्त से 18 सितंबर तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी।
चर्लपल्ली-दानापुर स्पेशल का भी विस्तार
गाड़ी संख्या 07091/07092 चर्लपल्ली-दानापुर-चर्लपल्ली स्पेशल को भी नई अवधि तक बढ़ाया गया है। यह ट्रेन डीडीयू, प्रयागराज छिवकी, जबलपुर, नागपुर, गोंदिया, बल्लारशाह, रामागुंडम और काजीपेट मार्ग से चलेगी। 07091 चर्लपल्ली-दानापुर स्पेशल 1 अगस्त से 26 सितंबर 2026 तक प्रत्येक शनिवार, जबकि 07092 दानापुर-चर्लपल्ली स्पेशल 3 अगस्त से 28 सितंबर 2026 तक प्रत्येक सोमवार को चलेगी।
रक्सौल-लोकमान्य तिलक स्पेशल से मुंबई यात्रियों को राहत
गाड़ी संख्या 05557/05558 रक्सौल-लोकमान्य तिलक-रक्सौल स्पेशल की अवधि भी बढ़ा दी गई है। यह ट्रेन सीतामढ़ी, मुजफ्फरपुर, हाजीपुर, पाटलिपुत्र और डीडीयू मार्ग से संचालित होगी। 05557 रक्सौल-लोकमान्य तिलक स्पेशल 4 अगस्त से 15 सितंबर 2026 तक प्रत्येक मंगलवार, जबकि 05558 लोकमान्य तिलक-रक्सौल स्पेशल 6 अगस्त से 17 सितंबर 2026 तक प्रत्येक गुरुवार को चलेगी।
पटना-खोरधा रोड स्पेशल भी अगस्त तक चलेगी
गाड़ी संख्या 03230/03229 पटना-खोरधा रोड जंक्शन-पटना स्पेशल के परिचालन में भी विस्तार किया गया है। यह ट्रेन बख्तियारपुर, मोकामा, झाझा, आसनसोल, खड़गपुर, कटक और भुवनेश्वर मार्ग से चलेगी। 03230 पटना-खोरधा रोड स्पेशल 6 अगस्त से 27 अगस्त 2026 तक प्रत्येक गुरुवार, जबकि 03229 खोरधा रोड-पटना स्पेशल 7 अगस्त से 28 अगस्त 2026 तक प्रत्येक शुक्रवार को संचालित होगी।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार यह निर्णय यात्रियों की सुविधा, त्योहारों और बढ़ती यात्रा मांग को देखते हुए लिया गया है, जिससे बिहार, झारखंड, ओडिशा और मुंबई रूट के यात्रियों को अतिरिक्त सीट उपलब्ध होगी और यात्रा सुगम बनेगी।
