
Kochi/Mumbai. केरला ब्लास्टर्स ने शनिवार को यहां इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) मैच में जमशेदपुर एफसी से 1-1 से ड्रॉ खेला जिससे उसकी प्लेऑफ की उम्मीद टूट गई. केरला ब्लास्टर्स के लिए कोरोऊ सिंह ने 35वें मिनट में गोल दागकर अपनी टीम को बढ़त दिलाई. इसके बाद मिलोस ड्रिनसिच के 86वें मिनट में किए गए आत्मघाती गोल ने जमशेदपुर एफसी को बराबरी पर ला दिया. इस ड्रॉ से केरला ब्लास्टर्स की टीम इस सत्र में प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो गई है क्योंकि वह अधिकतम 31 अंक तक ही पहुंच सकती है जो छठे स्थान पर काबिज नॉर्थईस्ट यूनाईटेड एफसी (32) से एक अंक कम है.
मुंबई सिटी एफसी ने मोहन बागान को बराबरी पर रोका
मुंबई सिटी एफसी ने इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल मैच में शनिवार को यहां दो गोल से पिछड़ने और 10 खिलाड़ियों से खेलने के बावजूद शानदार वापसी करते हुए लगातार दूसरी बार आईएसएल लीग शील्ड विजेता बन चुकी मोहन बागान सुपरजायंट को 2-2 की बराबरी पर रोक दिया. जैमी मैक्लारेन ने 32वें और दिमित्रियोस पेट्राटोस ने 41वें मिनट में गोल कर मोहन बागान को 2-0 की बढ़त दिला दी थी लेकिन जॉन टोराल ने 57वें और स्थानापन्न खिलाड़ी नाथन रोड्रिग्स ने 89वें मिनट में गोल कर मैच में मुंबई सिटी की वापसी करायी.
