Ranchi. झारखंड के रामगढ़ जिले में एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर धोखाधड़ी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुनायत ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों के पास से 18 एटीएम कार्ड और नकदी बरामद की गई है। उन्होंने बताया कि पतरातू अनुमंडल से एटीएम के जरिये धोखाधड़ी की कई शिकायतें मिली थीं। आरोपियों पर एटीएम मशीनों से छेड़छाड़ कर दूसरे लोगों के कार्ड का इस्तेमाल करते हुए अवैध रूप से नकदी निकालने का आरोप है। इसके अलावा वे एटीएम केंद्रों पर फर्जी हेल्पलाइन नंबर चिपकाकर और खुद को बैंक अधिकारी बताकर ग्राहकों को ठगते थे।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान उत्तर प्रदेश के मूल निवासी और फिलहाल छजारसी में रह रहे मनीष कुमार (28), बिहार के मधुबनी निवासी मोहम्मद आसिफ (30), पटना के मूल निवासी और फिलहाल रामगढ़ में रह रहे सूरज कुमार (37) तथा बिहार के नवादा निवासी आयुष कुमार (25) के रूप में हुई है। पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पूछताछ के दौरान चारों आरोपियों ने अपराध में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली।
