Jamshedpur. टाटानगर स्टेशन पर बढ़ती भीड़ को कम करने और ट्रेनों के समयपालन में सुधार लाने के लिए दक्षिण पूर्व रेलवे ने एक महत्वपूर्ण प्रस्ताव तैयार किया है. इसके तहत टाटानगर से गुजरने वाली चार मेमू पैसेंजर ट्रेनों का टर्मिनल बदलकर आदित्यपुर करने की योजना है. रेलवे की ओर से यह प्रस्ताव गुवा और चक्रधरपुर की ओर चलने वाली चार मेमू ट्रेनों के लिए भेजा गया है. प्रस्ताव को रेलवे बोर्ड की मंजूरी मिलना अभी बाकी है. मंजूरी मिलने के बाद इन ट्रेनों का संचालन आदित्यपुर स्टेशन से किया जा सकता है.टाटानगर और आदित्यपुर रेलवे स्टेशनों के बीच की दूरी लगभग 4.4 किलोमीटर है. रेलवे के इस प्रस्ताव का मुख्य उद्देश्य टाटानगर स्टेशन पर ट्रेनों का दबाव कम करना, प्लेटफॉर्म की उपलब्धता बेहतर करना और ट्रेनों के समयपालन में सुधार करना है.

इस प्रस्ताव को दक्षिण पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक की मंजूरी मिलने की जानकारी दी गई है. हालांकि, अंतिम स्वीकृति रेलवे बोर्ड से मिलनी बाकी है. रेलवे बोर्ड की मंजूरी के बाद ही टर्मिनल परिवर्तन और लागू होने की तारीख की आधिकारिक घोषणा की जाएगी. फिलहाल यह बदलाव प्रस्तावित है, लागू नहीं हुआ है.

कौन-कौन सी ट्रेनें होंगी प्रभावित
प्रस्ताव में निम्नलिखित चार ट्रेनों को शामिल किया गया है:
1. 68004 – गुवा-टाटानगर मेमू: गुवा से आने वाली ट्रेन का टर्मिनल आदित्यपुर होगा। प्रस्तावित आगमन समय 22:45 बजे है.
2. 68019 – टाटानगर-गुवा मेमू: ट्रेन आदित्यपुर से सुबह 7:40 बजे रवाना होगी.
3. 68020 – गुवा-टाटानगर मेमू: प्रस्तावित आगमन समय आदित्यपुर में 19:15 बजे होगा.
4. 68009 – टाटानगर-चक्रधरपुर मेमू: ट्रेन आदित्यपुर से शाम 19:45 बजे रवाना होगी.

