
Ahamadabad.अपने पहले खिताब की कवायद में लगी पंजाब किंग्स की टीम को इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दूसरे क्वालीफायर में रविवार को यहां पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस की टीम की कड़ी चुनौती का सामना करना होगा. श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स को पहले क्वालीफायर में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के हाथों करारी हार का सामना करना पड़ा जिससे निश्चित तौर पर उसका आत्मविश्वास डिग गया होगा. पंजाब किंग्स को अगर पहली बार चैंपियन बनना है तो उसे इस मैच में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करना होगा। दोनों टीमों के लिए यह मैच सेमीफाइनल जैसा है.
मुंबई इंडियंस ने एलिमिनेटर में खिताब की प्रबल दावेदार गुजरात टाइटन्स को हराकर छठे खिताब की ओर एक और कदम बढ़ाया. इस जीत से मुंबई का निश्चित तौर पर आत्मविश्वास बढ़ा होगा.आरसीबी और पंजाब किंग्स की तुलना में मुंबई इंडियंस की टीम नॉकआउट चरण में जीत दर्ज करने का अधिक अनुभव रखती है.उसके मुख्य कोच माहेला जयवर्धने के सामने चुनौती अपनी टीम को संगठित रखने की होगी. श्रीलंका के पूर्व कप्तान ने हालांकि अभी तक यह भूमिका अच्छी तरह से निभाई है. पिछले सत्र में सबसे निचले पायदान पर रही मुंबई इंडियंस को प्लेऑफ में पहुंचाने में उन्होंने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है.
पंजाब किंग्स में कप्तान श्रेयस अय्यर और मुख्य कोच रिकी पोंटिंग की जोड़ी के लिए चुनौती यह सुनिश्चित करना होगा कि उनके खिलाड़ी पिछले मैच में मिली करारी हार को भूल जाएं और अपनी ऊर्जा को उन चुनौतियों से लड़ने में लगाएं जो विशेषकर गेंदबाजी विभाग में कुछ खिलाड़ियों के बाहर हो जाने से सामने आई हैं. इससे उसके मुख्य तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह पर अतिरिक्त दबाव बन रहा है.
