Site icon Lahar Chakra

Jamahedpur: मानगो फ्लाईओवर के निर्माण कंपनी के कर्मचारियों के अपहरण के आरोप में पांच गिरफ्तार

Jamshedpur.  पूर्वी सिंहभूम जिले में एक निर्माण कंपनी के दो कर्मचारियों का कथित तौर पर अपहरण करने और उनसे 10 लाख रुपये की मांग करने के आरोप में पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने शनिवार को यह जानकारी दी। जिला पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी एक बयान में कहा गया है कि आरोपियों ने कथित तौर पर बृहस्पतिवार देर रात मानगो फ्लाईओवर के निर्माण में लगे पर्यवेक्षक और सहायक प्रबंधक का अपहरण कर लिया। बयान के अनुसार, आरोपी तड़के करीब तीन बजे बिना नंबर प्लेट वाली सफेद बोलेरो गाड़ी में निर्माण स्थल पर पहुंचा और 10 लाख रुपये की मांग की। इसमें कहा गया है कि कर्मचारियों ने जब उनकी मांग पूरी करने में असमर्थता जताई तो अपहरणकर्ताओं ने कथित तौर पर उनके साथ दुर्व्यवहार और मारपीट की और फिर उन्हें जबरन वाहन में बैठाकर ले गए।

घटना की पुष्टि के बाद, ओलीडीह पुलिस ने पर्यवेक्षक विजय कुमार ओझा की शिकायत पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया। मामले की जांच करने और पीड़ितों को मुक्त कराने के लिए शहर के एसपी ललित मीणा के निर्देश पर पुलिस उपाधीक्षक (पटमदा) वचनदेव कुजूर के नेतृत्व में एक पुलिस टीम का गठन किया गया था। बयान में कहा गया है कि पुलिस ने बाद में मानगो पुलिस थाना क्षेत्र में छापेमारी की और पांच आरोपियों को गिरफ्तार करने के बाद दोनों पीड़ितों को सुरक्षित बचा लिया। गिरफ्तार किए गए व्यक्तियों की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के शिव गौड़ (29) और पूर्वी सिंहभूम जिले के नितेश गोप (21), आकाश प्रधान (27), देवाशीष प्रधान (27) और शैलेश गोप (26) के रूप में की गई।

Exit mobile version