Jamshedpur. सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ जमशेदपुर जिला प्रशासन ने मंगलवार को बड़ी कार्रवाई की। बर्मामाइंस थाना क्षेत्र के स्टार टॉकीज के समीप आशीर्वाद होटल के पीछे सरकारी जमीन से करीब 17 दुकानों और अस्थायी निर्माणों को हटाकर जमीन अतिक्रमण मुक्त कराई गई। कार्रवाई अनुमंडल प्रशासन के निर्देश पर दंडाधिकारी की मौजूदगी में पुलिस बल के सहयोग से की गई। बताया गया कि उक्त सरकारी जमीन पर अतिक्रमण को लेकर टाटा स्टील की ओर से प्रशासन को आवेदन दिया गया था।
आवेदन और संबंधित अतिक्रमणवाद में पारित आदेश के आधार पर प्रशासन ने मंगलवार को कार्रवाई की। कार्रवाई के दौरान दंडाधिकारी के साथ पुलिस बल और राजस्व विभाग के अधिकारी मौके पर मौजूद रहे।
नोटिस के बाद भी नहीं हटाया था कब्जा
प्रशासन के अनुसार, संबंधित अतिक्रमणकारियों को पूर्व में नोटिस जारी कर सरकारी जमीन से कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया था। निर्धारित अवधि में अतिक्रमण नहीं हटाए जाने के बाद प्रशासन की टीम पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंची और चिह्नित क्षेत्र में बने दुकानों व अन्य अस्थायी निर्माणों को हटाया।
करीब 17 दुकानों को हटाने के बाद जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराया गया। कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई थी।
मौके पर मौजूद दंडाधिकारी ने बताया कि टाटा स्टील की ओर से दिए गए आवेदन के आलोक में अतिक्रमणवाद की प्रक्रिया पूरी की गई थी। अनुमंडल प्रशासन के आदेश के तहत मंगलवार को अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई की गई। उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान करीब 17 दुकानों को हटाया गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सरकारी जमीन पर अवैध कब्जे के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
साकची में भी अतिक्रमण हटाने की तैयारी
इधर, प्रशासन की ओर से जारी सूची के अनुसार साकची थाना क्षेत्र में भी सरकारी जमीन पर किए गए अतिक्रमण को हटाने की कार्रवाई निर्धारित की गई है। विभिन्न अतिक्रमणवादों में पारित आदेश के आधार पर चिह्नित भूमि से कब्जा हटाने का निर्देश दिया गया है।
