Jamshedpur. सोनारी थाना क्षेत्र के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुप्पी रेस्टोरेंट में हुई गोलीबारी की घटना में शामिल दो शूटरों अजीत मंडल और मोहन यादव को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों की गिरफ्तारी दिल्ली और हरियाणा से होने की सूचना है। घटना को अंजाम देने के बाद दोनों वहीं छिपकर रह रहे थे। पुलिस की टीम दोनों को जमशेदपुर लेकर लौट रही है। दोनों शूटरों पर पुलिस की ओर से दो-दो लाख रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

वहीं, घटना में इस्तेमाल वाहन के चालक की भी गिरफ्तारी होने की अपुष्ट सूचना मिल रही है। हालांकि, पुलिस की ओर से चालक की गिरफ्तारी की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गयी है। गौरतलब है कि शनिवार को सोनारी के मरीन ड्राइव स्थित बिंदल मॉल के उडुप्पी उपहार रेस्टोरेंट में दो युवकों ने ताबड़तोड़ फायरिंग की थी।


