
Jamshedpur. जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने सोमवार को चलंत भोजनालय कार्यक्रम की मासिक समीक्षा की. उन्होंने इस दौरान संतोष जताते हुए कहा कि अब चलंत भोजनालय कार्यक्रम की साप्ताहिक समीक्षा की जाएगी. सुवर्णरेखा क्षेत्र विकास ट्रस्ट की इस पहल के तहत जरूरतमंदों को 5 रुपये में भरपेट भोजन दिया जा रहा है. 4 जून से शुरू हुई इस योजना से 30 जून तक 4000 लोग लाभान्वित हो चुके हैं. भोजनालय की गाड़ी कदमा बाजार के सामने खड़ी होती है, जहां दोपहर 12:30 से 2:00 बजे तक भोजन दिया जाता है. सोमवार से शनिवार तक हर दिन अलग-अलग मेन्यू रहता है, जबकि रविवार को सेवा बंद रहती है. सरयू राय ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य जरूरतमंदों तक सम्मानपूर्वक भोजन पहुंचाना है.
भोजनालय में ये है व्यवस्था
चलंत भोजनालय कार्यक्रम के अंतर्गत 5 रूपये का शुल्क लेकर जरूरतमंद लोगों को दोपहर का भरपेट भोजन उपलब्ध कराया जाता है. प्रत्येक दिन अलग अलग मेन्यू के अनुसार भोजन उपलब्ध कराया जाता है, जिसमें सोमवार को चावल, दाल, हरी सब्जी, अचार दिया जाता है. मंगलवार को चावल, दाल, आलू सोयाबीन की सब्जी, अचार दिए जाते हैं तो बुधवार को चावल, दाल, हरी सब्जी, अचार दिए जाते हैं.
बृहस्पतिवार को चावल, कढ़ी, आलू-सोयाबीन की सब्जी, अचार दिए जाते हैं तो शुक्रवार को चावल, दाल, आलू-चना की सब्जी, अचार तथा शनिवार को खिचड़ी, अचार और पापड़ शामिल रहता है. रविवार को भोजनालय बंद रहता है.
