Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: चॉकलेट और चिप्स का लालच देकर 8 साल की बच्ची से ज्यादती, मुंहबोला मामा गिरफ्तार

Jamshedpur. शहर के उलीडीह थाना क्षेत्र में आठ वर्षीय बच्ची के साथ यौन शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। बच्ची की मां ने कदमा भाटिया बस्ती निवासी कृष्णा सिक्का पर गंभीर आरोप लगाया है। आरोपी को बच्ची का मुंहबोला मामा बताया जा रहा है। मां की लिखित शिकायत के बाद पुलिस ने शुक्रवार को आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। बच्ची की मां के अनुसार, वह पहले कदमा में रहती थी। इसी दौरान बच्ची की पहचान कृष्णा सिक्का से हुई थी। आरोप है कि गुरुवार रात करीब 10 बजे कृष्णा बच्ची के घर पहुंचा और चॉकलेट व चिप्स दिलाने के बहाने उसे मोटरसाइकिल पर अपने साथ ले गया।

करीब 20 मिनट तक बच्ची घर नहीं लौटी तो परिजनों ने कृष्णा को फोन किया, लेकिन उसने कॉल रिसीव नहीं किया। लगभग 45 मिनट बाद बच्ची घर लौटी और रोने लगी। परिजनों के पूछने पर उसने अपने साथ हुई घटना की जानकारी दी।

बच्ची की मां का आरोप है कि आरोपी ने घटना के बारे में किसी को बताने पर बच्ची को जान से मारने की धमकी भी दी थी। मां के अनुसार, शुक्रवार सुबह वह आरोपी के घर पहुंची और घटना के संबंध में पूछताछ की। आरोप है कि इस दौरान कृष्णा ने गाली-गलौज की और धमकी दी।

इसके बाद परिजन महिला थाना पहुंचे, जहां से उन्हें उलीडीह थाना में शिकायत दर्ज कराने को कहा गया। बाद में मां ने उलीडीह थाना में लिखित शिकायत दी।उलीडीह थाना प्रभारी सारिक अली के अनुसार, बच्ची के यौन शोषण की शिकायत मिली है। मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल आरोपी को हिरासत में लेकर थाने लाया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है।

Exit mobile version