Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: MGM में जौंडिस से पीड़ित बच्चे की मौत, शव ले जाने के लिए नहीं मिली एंबुलेंस, निजी वाहन पर खर्च करने पड़े 3000 रुपये

Jamshedpur. एमजीएम अस्पताल में गुरुवार को एक बार फिर मासूम की मौत से परिजनों में मातम छा गया। पीकू वार्ड में भर्ती जौंडिस से पीड़ित साढ़े पांच वर्षीय बच्चे करण ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बच्चे की मौत के बाद परिवार के सामने शव को घर ले जाने की समस्या खड़ी हो गई। सरकारी एंबुलेंस नहीं मिलने के कारण परिजनों को तीन हजार रुपये खर्च कर निजी वाहन से शव ले जाना पड़ा। मृतक करण पश्चिमी सिंहभूम जिले के सोनुआ थाना क्षेत्र के रहने वाले सिंगराई मारला का बेटा था। परिजनों के मुताबिक, करण की तबीयत पिछले एक सप्ताह से खराब चल रही थी।

हुरलूंग गांव में ही उसका इलाज कराया जा रहा था। गुरुवार को अचानक उसकी हालत बिगड़ गई। इसके बाद परिजन उसे लेकर दोपहर करीब 3:30 बजे एमजीएम अस्पताल पहुंचे। अस्पताल पहुंचने पर बच्चे की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे पीकू वार्ड में भर्ती कर तत्काल इलाज शुरू किया गया। हालांकि, चिकित्सकों के तमाम प्रयासों के बावजूद उसकी जान नहीं बचाई जा सकी। शाम करीब सात बजे डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सिंगराई मारला हुरलूंग गांव में किराये के मकान में रहकर मजदूरी करते हैं।

उनके पांच बच्चे हैं, जिनमें करण दूसरे नंबर पर था। मासूम की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बच्चे की मौत के बाद परिजन शव को घर ले जाने के लिए सरकारी एंबुलेंस की व्यवस्था कराने की कोशिश करते रहे, लेकिन उन्हें एंबुलेंस उपलब्ध नहीं हो सकी। मजबूर होकर परिवार ने तीन हजार रुपये किराया देकर निजी वाहन की व्यवस्था की और बच्चे का शव लेकर घर रवाना हुए।

Exit mobile version