Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: आजादनगर में तीन दिन पहले हुए विवाद ने लिया हिंसक रूप, नशे के कारोबार को लेकर दो पक्ष भिड़े, जमकर चाकूबाजी, 5 लोग जख्मी, जानें पूरा मामला?

Jamshedpur. मानगो के आजादनगर थाना से 50 मीटर दूर ओल्ड पुरुलिया रोड की नूर कॉलोनी में शनिवार रात नशे के कारोबार को लेकर दो पक्षों में भिड़ंत हो गई। देखते ही देखते चाकूबाजी होने लगी। इसमें दोनों पक्षों के पांच लोग घायल हो गए। घायलों को एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इस दौरान एक पक्ष ने हमलावरों की बाइक में आग लगा दी। एमजीएम अस्पताल में भी दोनों पक्ष भिड़ गए और हंगामा करने लगे। घटना के बाद कॉलोनी और आसपास तनाव का माहौल है। सूचना के बाद पहुंची पुलिस ने छानबीन की। घायलों में एक पक्ष से मो. शमीम और मो. शोएब शामिल हैं, वहीं दूसरे पक्ष से यूसुफ खान, सैफ खान और अनस शामिल हैं। शमीम को छाती और हाथ में चोट लगी है, जबकि शोएब को गले, छाती और हाथ में चोट आई है। वहीं, सैफ के कमर में चाकू से हमला किया गया है। यूसुफ और अनस को हल्की चोटें आई हैं। इधर, एमजीएम में भी दोनों पक्षों के परिजनों में विवाद हो गया। सुरक्षाकर्मियों ने शांत कराया।

इस घटना की जड़ तीन दिन पहले हुआ विवाद है। ओल्ड पुरुलिया रोड नंबर 17 निवासी यासीन और शोएब के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। यासीन का आरोप है कि उस दौरान उसकी आंख में मिर्च पाउडर झोंका गया था और चाकू से हमला किया गया था, जिसमें वह बच निकला। इसको लेकर शनिवार रात को घटना हुई। शोएब ने बताया कि वह अपने साथी शमीम उर्फ पप्पू के साथ थाना के पास खड़ा था। इस दौरान यासीन अपने भाई यूसुफ और अन्य साथियों के साथ बाइक से पहुंचा और चाकू से हमला कर दिया।

पप्पू के सीने और हाथ में गंभीर चोट आई, जबकि शोएब भी घायल हो गया। दोनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल ले जाया गया। वहीं, घायल सैफ ने बताया कि शोएब ने युसुफ को फोन कर बुलाया था, जिसके बाद सभी थाना के पास पहुंचे थे व हमला शुरू कर दिया। यूसुफ और सैफ बाइक से थाना के पास पहुंचे थे। बाइक मौके पर ही छूट गई। गुस्साए लोगों ने तोड़फोड़ की और पेट्रोल टंकी का पाइप खोल आग के हवाले कर दिया। ऐन वक्त पर पुलिस पहुंची और आग बुझाई।

Exit mobile version