
जमशेदपुर. बागबेड़ा थाना क्षेत्र में एक 22 वर्षीय युवती ने शनिवार को बडौदा घाट नदी में कूदकर आत्महत्या का प्रयास किया. घटना के समय मौजूद स्थानीय युवकों ने अपनी जान जोखिम में डालकर युवती को नदी से बाहर निकाला. उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.
बागबेड़ा थाना प्रभारी कृष्ण गोपाल यादव ने बताया कि युवती के नदी में कूदने की सूचना के बाद पुलिस तुरंत घटनास्थल पर पहुंची. युवती को थाना लाया गया. बाद में उसके परिजन आए और उसे इलाज के लिए अपने साथ ले गए.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि वे युवती से पूछताछ कर रहे हैं. आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच जारी है.
जमशेदपुर में पिछले कुछ समय से आत्महत्या के मामलों में वृद्धि देखी जा रही है. आए दिन लोग विभिन्न कारणों से आत्महत्या कर रहे हैं. इस घटना में दो स्थानीय युवकों की सतर्कता और साहस से युवती की जान बच गई.
