
Jamshedpur. शहर में 16 जुलाई को भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र की भव्य रथ यात्रा निकाली जाएगी। इस्कॉन जमशेदपुर की ओर से आयोजित इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां पिछले करीब एक महीने से चल रही हैं। आयोजकों ने बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं से रथ यात्रा में शामिल होने की अपील की है।
रथ यात्रा की शुरुआत दोपहर 2:30 बजे बिष्टुपुर स्थित आंध्र भक्त श्रीराम मंदिर से विधि-विधान और पूजा-अर्चना के साथ होगी। इसके बाद यात्रा गोपाल मैदान, जुबली गोलचक्कर, स्ट्रेट माइल रोड और कीनन स्टेडियम होते हुए आगे बढ़ेगी और शाम करीब 7:30 बजे साकची पहुंचेगी। करीब 4.5 किलोमीटर की इस यात्रा के दौरान श्रद्धालु हरे कृष्ण महामंत्र का संकीर्तन करेंगे।
इस वर्ष भगवान जगन्नाथ, माता सुभद्रा और भगवान बलभद्र के लिए तीन भव्य रथ तैयार किए गए हैं। रथों को फूलों, रंग-बिरंगी ध्वजाओं और विशेष प्रकाश व्यवस्था से सजाया जाएगा। यात्रा के विभिन्न पड़ावों पर आरती, पूजा और महाप्रसाद वितरण की व्यवस्था भी रहेगी। श्रद्धालुओं के लिए पेयजल सहित अन्य जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने की तैयारी की गई है।
इस्कॉन जमशेदपुर के अध्यक्ष स्वामी पद्मनाभ जगन्नाथ दास के अनुसार, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था संभालने के लिए करीब एक हजार स्वयंसेवकों की तैनाती की जाएगी। कई सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं भी महाप्रसाद, पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और अन्य सेवाओं में सहयोग करेंगी।
