


Jamshedpur.सिदगोड़ा क्षेत्र के भुइयांडीह कान्हु भट्टा में सोमवार अहले सुबह एक कार में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते कार धू-धूकर जल उठी. घटना झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) नेता सोनू सिंह के घर के पास हुई, जहां उनकी चारपहिया गाड़ी खड़ी थी. घटना सोमवार तड़के लगभग चार बजे की बताई जा रही है.
उस समय परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर सो रहे थे. अचानक किसी स्थानीय व्यक्ति ने गाड़ी में आग की लपटें उठती देखी और सोनू सिंह को सूचना दी. सूचना मिलते ही परिवार और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे. स्थानीय लोगों ने बालू और पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन आग इतनी तेज थी कि गाड़ी पूरी तरह जलकर खाक हो गई.
इसके बाद सिदगोड़ा थाना पुलिस को सूचना दी गई. पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और अग्निशमन विभाग को इसकी जानकारी दी. दमकल कर्मी मौके पर पहुंचकर आग पर काबू पाने में जुट गए. हालांकि, आग लगने के कारणों का अब तक पता नहीं चल सका है. पुलिस मामले की जांच कर रही है. प्रारंभिक रूप से शॉर्ट सर्किट या किसी असामाजिक तत्व की शरारत की संभावना से इंकार नहीं किया जा रहा है.



