
Jamshedpur. जुगसलाई में टाटा स्टील गेट के पास शनिवार तड़के एक बड़ा हादसा टल गया. ओडिशा के क्योंझर से दुर्गापुर जा रहा आयरन ओर लदा ट्रक अचानक दुर्घटनाग्रस्त हो गया. ट्रक जैसे ही टाटा स्टील गेट के पास पहुंचा, उसी दौरान उसका टायर ब्लास्ट हो गया. इससे ट्रक अनियंत्रित होकर डिवाइडर पर चढ़ गया.
हादसे में ट्रक चालक बाल-बाल बच गया. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक घटना के समय एक बोलेरो वाहन तेज रफ्तार में ट्रक को ओवरटेक करने की कोशिश कर रहा था. टक्कर से बचाने के दौरान अचानक टायर फटने से ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सीधे डिवाइडर से जा टकराया.
गनीमत रही कि उस समय सड़क पर ज्यादा वाहनों की आवाजाही नहीं थी, अन्यथा बड़ी दुर्घटना हो सकती थी. घटना की सूचना मिलते ही जुगसलाई थाना पुलिस मौके पर पहुंची. पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए क्रेन मंगाकर ट्रक को सड़क किनारे हटवाया और आवागमन को सुचारू कराया. स्थानीय लोगों ने राहत की सांस ली कि हादसे में किसी प्रकार की जानमाल की क्षति नहीं हुई. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
