Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: साकची कालीमाटी रोड पर रेस्तरां में ,लगी भीषण आग, मची अफरा-तफरी, कड़ी मशक्कत के बाद पाया काबू

Jamshedpur. जमशेदपुर के साकची स्थित कालीमाटी रोड पर शुक्रवार सुबह एक रेस्तरां में आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। जंक्शन एक्सप्रेस रेस्तरां में सुबह लगभग 9.30 बजे आग लग गई। राहगीरों ने रेस्तरां की चिमनी से धुआं उठता देखा और तत्काल अग्निशमन विभाग को इसकी सूचना दी।सूचना मिलते ही दमकल विभाग की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। इनमें टाटा स्टील की दमकल की एक गाड़ी तथा झारखंड अग्निशमन विभाग की एक गाड़ी शामिल थी। दमकल कर्मियों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आग पर काबू पाया और स्थिति को नियंत्रित किया।

दमकल कर्मियों के अनुसार, सूचना मिलने पर जब वे घटनास्थल पर पहुंचे तो रेस्तरां का शटर बंद था। शटर खोलने के बाद अंदर फ्रायर पैन में आग की लपटें उठती दिखाई दीं। आग ने कुछ ही देर में विकराल रूप धारण कर लिया था। हालांकि, दमकलकर्मियों की तत्परता से आग को फैलने से रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।

प्रत्यक्षदर्शी इंद्रपाल सिंह ने बताया कि अहले सुबह करीब 2:30 बजे से बिजली आपूर्ति बाधित थी। सुबह 9.30 बजे के बाद बिजली बहाल हुई, जिसके कुछ ही समय बाद अचानक धुआं उठता दिखाई दिया।

आशंका जताई जा रही है कि विद्युत आपूर्ति बहाल होने के बाद किसी तकनीकी कारण से आग लगी हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। घटना में हुए नुकसान का आकलन फिलहाल नहीं किया जा सका है।

Exit mobile version