Jamshedpur. सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र अंतर्गत डोबो स्थित पांडे ढाबा के पास गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया। यहां कार और मोटरसाइकिल के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में बाइक सवार दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मोटरसाइकिल से कहीं जा रहे थे। इसी दौरान पांडे ढाबा के पास उनकी बाइक की सामने से आ रही कार से जोरदार भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलते ही कपाली ओपी के एसआई मुद्रा राय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों की गंभीर स्थिति को देखते हुए पुलिसकर्मियों ने एंबुलेंस का इंतजार किए बिना तत्परता दिखाई और अपने पेट्रोलिंग वाहन से दोनों युवकों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल अस्पताल में दोनों का इलाज जारी है।
वहीं, पुलिस ने दुर्घटना में शामिल कार संख्या JH02BN-3464 को जब्त कर लिया है। पुलिस कार मालिक की पहचान करने के साथ ही दुर्घटना के कारणों की जांच में जुट गई है। समाचार लिखे जाने तक दोनों घायल युवकों की पहचान और उनकी स्वास्थ्य स्थिति को लेकर आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई थी।
