Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को रौंदा, ब्रह्मानंद अस्पताल के कर्मचारी की दर्दनाक मौत

Jamshedpur. धालभूमगढ़-चाकुलिया मुख्य सड़क पर बांसकाटिया के समीप रविवार को एक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। आमने-सामने की जोरदार टक्कर के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, तेज रफ्तार ट्रक और बाइक की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन समेत चाकुलिया की ओर फरार हो गया। जानकारी के अनुसार, समूल्य धल अपनी होंडा शाइन बाइक (डब्ल्यूबी 35 बी 5404) से नूतनगढ़ स्थित अपने मामा के घर से धालभूमगढ़ की ओर जा रहा था।

इसी दौरान बांसकाटिया के पास विपरीत दिशा से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक (डब्ल्यूबी 19 बी 0585) ने उसे टक्कर मार दी। मृतक की पहचान पश्चिम बंगाल के पश्चिम मिदनापुर जिला अंतर्गत पिंगला थाना क्षेत्र के जामना गांव निवासी 24 वर्षीय समूल्य धल के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता पुत्र था, जिससे परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। बताया जाता है कि समूल्य धल जमशेदपुर के तमोलिया स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल में कार्यरत था। शनिवार को वह अपने मामा के घर नूतनगढ़ आया था और रविवार को किसी काम से वापस धालभूमगढ़ जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया।

घटना को लेकर मृतक के मामा मानस सीट की लिखित शिकायत पर धालभूमगढ़ थाना में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ट्रक और उसके चालक की तलाश में जुट गई है।

Exit mobile version