
Jamshedpur. पोटका के हल्दीपोखर में तेज रफ्तार हाईवा का कहर देखने को मिला, जहां एक अनियंत्रित हाईवा ने कार और स्कूटी को अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में कुल 6 लोग घायल हो गए, जिनमें दो महिला, एक बच्चा और दो स्कूटी सवार शामिल हैं। सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा गया है। बाहलदा के दूंडू गांव से एक परिवार के चार सदस्य- दो महिला, एक बच्चा और चालक- कार से जमशेदपुर अपने परिजनों के पास ईद मनाने जा रहे थे। इसी दौरान हल्दीपोखर साप्ताहिक बाजार के पास जमशेदपुर की ओर से आ रही तेज रफ्तार हाईवा से कार सट गई, जिससे कार में हल्का स्क्रैच आ गया।
बताया जाता है कि इसके बाद कार चालक ने हाईवा को ओवरटेक कर रोकने की कोशिश की। हल्दीपोखर स्थित नागा नदी पुलिया के पास जैसे ही कार हाईवा के आगे लगी, तेज रफ्तार हाईवा ने कार को अपनी चपेट में ले लिया और कुछ दूरी तक घसीटते हुए ले गया। इस हादसे में कार सवार सभी लोग घायल हो गए। इसी दौरान सड़क किनारे खड़े स्कूटी सवार दो युवक सड़क किनारे खड़े थे जिनमें- डोमन मुर्मू और शांखो मुर्मू- भी हाईवा की चपेट में आ गए। दोनों युवक कोवाली थाना क्षेत्र के दारुसाईं से फुटबॉल खेलकर राजनगर थाना क्षेत्र के लख्खीपोश लौट रहे थे। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।
