Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: भुईंयाडीह बस स्टैंड के पास दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार को उजाड़ा, पहले पति की मौत, अब पत्नी ने भी दम तोड़ा, दो छोटे बच्चे हुए अनाथ

Jamshedpur. भुईंयाडीह बस स्टैंड के पास दर्दनाक सड़क हादसे ने एक हंसते-खेलते परिवार को पूरी तरह उजाड़ दिया। सीतारामडेरा थाना क्षेत्र में बस स्टैंड गोलचक्कर के पास शनिवार को हुए हादसे में पहले पति की मौत हुई थी, जबकि अब इलाज के दौरान पत्नी ने भी दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान मानगो डिमना रोड स्थित विश्वकर्मा कॉलोनी निवासी लाला विश्वकर्मा और उनकी पत्नी नीलम शर्मा के रूप में हुई है।
पति-पत्नी दोनों की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। इस घटना से न सिर्फ परिजन बल्कि पूरा इलाका गमगीन माहौल में डूबा हुआ है। मोहल्ले के लोग स्तब्ध हैं। हर किसी की आंखें नम हैं।

लाला विश्वकर्मा पेशे से एलआईसी एजेंट थे। वह अपने परिवार के एकमात्र कमाने वाले सदस्य थे। सड़क हादसे में उनकी असमय मौत के बाद पत्नी नीलम शर्मा गंभीर रूप से घायल हो गई थीं। अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद रविवार को उन्होंने भी दम तोड़ दिया। दंपती के दो छोटे बच्चे हैं। जिनके सिर से अब माता-पिता दोनों का साया उठ गया है।

मुआवजे की मांग पर थाना पहुंचे लोग, किया विरोध प्रदर्शन
पत्नी की मौत की सूचना मिलते ही आक्रोशित परिजन और समाज के लोग बड़ी संख्या में सीतारामडेरा थाना पहुंच गए। उन्होंने उचित मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि यह हादसा प्रशासनिक लापरवाही और इलाके में यातायात अव्यवस्था का नतीजा है।

Exit mobile version