
जमशेदपुर. रक्षाबंधन के दिन एक हादसे ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया. परसुडीह थाना क्षेत्र के गदड़ा रेलवे फाटक के पास ट्रेन की चपेट में आने से 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला देवकी कलेज की मौत हो गई.
मृतका सरजमदा की रहने वाली थीं. वह टाटा मोटर्स की स्थायी कर्मचारी रह चुकी थीं. करीब पांच साल पहले वे सेवानिवृत्त हुई थीं. बताया जा रहा है कि देवकी कलेज को कम सुनाई देता था. इसी कारण वे आने वाली ट्रेन की आवाज नहीं सुन सकीं. हादसे के समय आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें आवाज देकर सावधान करने की कोशिश की, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी.
स्थानीय निवासी उमेश कुमार सिंह के अनुसार, देवकी कलेज अपनी बेटी के घर जोजोबेड़ा में राखी मनाने जा रही थीं. रेलवे फाटक पार करते समय अचानक ट्रेन आ गई. वे उसकी चपेट में आ गईं. घटना इतनी तेज थी कि उन्हें बचाने का कोई मौका नहीं मिला.
सूचना मिलते ही परसुडीह पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. पुलिस ने मृतका के परिजनों को हादसे की सूचना दे दी है. इस घटना से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है. स्थानीय लोग भी बेहद व्यथित हैं.
गदड़ा रेलवे फाटक के पास रहने वाले लोगों का कहना है कि इस इलाके में पहले भी ऐसे हादसे हो चुके हैं. कई बार उन्होंने रेल प्रशासन और पुलिस से इस स्थान पर सुरक्षा उपाय की मांग की है. चेतावनी संकेत, साइरन या फ्लाई ओवर बनाने की मांग लोग कर रहे हैं.
