Site icon Lahar Chakra

Jamshedpur: कपाली गौसनगर शाही कॉलोनी में युवक को बंधक बना लूट ले गये गहने और अन्य कीमती सामान

Jamshedpur. सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली नगर परिषद अंतर्गत गौसनगर शाही कॉलोनी रोड नंबर-9 में चोरी की एक बड़ी घटना हुई है. इस घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है. चोरी की यह घटना सोमवार की देर रात करीब तीन बजे की बताई जा रही है. बताया जा रहा है कि चोर दीवार फांदकर घर के अंदर घुसे और सुनियोजित तरीके से वारदात को अंजाम दिया. पीड़ित परिवार ने बताया घटना के समय घर के सभी सदस्य चांडिल के कीटाडीह उर्स में शामिल होने गए थे. घर में केवल अख्तर अली मौजूद थे. वह सो रहे थे. अख्तर अली ने बताया कि देर रात उन्हें घर के आसपास हल्की आवाजें सुनाई दीं, लेकिन उन्होंने इसे अनदेखा कर दिया.

कुछ देर बाद जब आवाजें लगातार आने लगीं तो उन्हें शक हुआ और वे बाहर निकले. इसी दौरान घर के अंदर छिपे चोरों ने उन्हें पकड़ लिया और रस्सी से बांध दिया. चोरों ने चाकू मारने की धमकी देते हुए शोर मचाने पर जान से मारने की चेतावनी दी. डर के कारण अख्तर अली कोई विरोध नहीं कर सके. इसके बाद चोरों ने अलमारी में रखे गहनों और अन्य कीमती सामान पर हाथ साफ किया और मौके से फरार हो गए. सुबह होने पर अख्तर अली ने किसी तरह खुद को आजाद किया. इसके बाद परिवार को फोन कर घटना की जानकारी दी.

पीड़ित परिवार ने एक परिचित युवक पर शक जताया है. उनका कहना है कि घटना से एक दिन पहले वही युवक चार बार आया था और रात में घर का ताला तोड़ने की कोशिश कर चुका है. वह पूछताछ करने पर भाग गया था. परिवार को आशंका है कि इसी युवक ने चोरी की वारदात को अंजाम दिया है. परिवार के मुताबिक, चोरी में करीब 50 हजार रुपये मूल्य के गहने और अन्य सामान गायब हुए हैं. घटना की सूचना पुलिस को दे दी गई है. पुलिस मामले की जांच में जुट गई है, वहीं स्थानीय लोगों ने रात की गश्त बढ़ाने और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है.

Exit mobile version