
Jamshedpur. गोविंदपुर थाना क्षेत्र के भोला बागान में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए झारसुगुड़ा (ओडिशा) डकैती कांड के फरार आरोपी संजय सिंह को गिरफ्तार किया है.करीब एक सप्ताह पहले ओडिशा के झारसुगुड़ा में एक सिंधी परिवार के घर पर बड़ी डकैती हुई थी. इस वारदात में लाखों रुपये के जेवरात और नकदी चोरी हुई थी. घटना के बाद से ही ओडिशा पुलिस आरोपी गिरोह की तलाश में थी. पुलिस पहले ही इस मामले में गिरोह के कुछ सदस्यों को गिरफ्तार कर चुकी है. इन्हीं गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ के दौरान संजय सिंह का नाम सामने आया और उसके गोविंदपुर में छुपे होने की जानकारी मिली.सूचना के आधार पर उड़ीसा पुलिस टीम जमशेदपुर पहुंची और स्थानीय पुलिस की मदद से भोला बागान स्थित घर में छापामारी की.
पुलिस को देखते ही संजय भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने घेराबंदी कर उसे दबोच लिया. उसके कब्जे से लूट के कुछ जेवर और संदिग्ध सामान भी बरामद किए गए हैं. बरामदगी की सूची को उड़ीसा पुलिस जांच में शामिल कर रही है.जांच में यह भी सामने आया है कि संजय मूल रूप से ओडिशा का रहने वाला है और वारदात के बाद सीधे अपने भाई के घर जमशेदपुर आ गया था. यहां वह लूटे गए सामान को छुपाने और आगे खपाने की योजना बना रहा था. पुलिस को अंदेशा है कि इस अपराध में शामिल गिरोह के कुछ सदस्य अब भी फरार हैं.
