
Jamshedpur. एमजीएम थाना अंतर्गत गुरमा में गुरुवार की रात एनएच किनारे खड़ी ट्रेलर से टकराने पर स्कूटी चालक बिरसानगर जोन नंबर 2 रोड नंबर एक निवासी अनिकेत कुमार सिंह ( 22) की मौत हो गयी. हादसे के बाद साथियों ने उन्हें एमजीएम अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया. शुक्रवार को पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. मृतक के पिता प्रफुल्ल सिंह के अनुसार अनिकेत इकलौता बेटा था.
गुरुवार को बस्ती के एक दोस्त अक्षित के साथ उसकी स्कूटी से पिपला गया था. पिपला में अक्षित का भाई अनुराग कुमार रहता है. दोनों उसी के घर गये थे. अनुराग को घर खाली करना था. सामान को शिफ्ट कर वे लोग घर लौट रहे थे. रास्ते में गुरमा में एनएच किनारे खड़ी ट्रेलर से स्कूटी टकरा गयी. इससे उसकी मौत हो गयी. देर रात उनलोगों ने फोन कर इसकी जानकारी दी. इसके बाद वे लोग एमजीएम अस्पताल पहुंचे, तबतक उसकी मौत हो गयी. उन्होंने बताया कि बेटा अलकबीर पोलिटेक्निक से डिप्लोमा की पढ़ाई करने के बाद बीटेक की पढ़ाई कर रहा था.
