
Jamshedpur. बागबेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत शनिवार को सड़क हादसा सामने आया है. यहां प्रेम कुंज से लाल बिल्डिंग की ओर जाने वाले मार्ग पर अचानक नियंत्रण खोने के कारण एक वाहन सड़क किनारे स्थित दुकान में घुस गया. इस हादसे में दुकान में बैठे दुकानदार समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश फैल गया. गुस्साई भीड़ ने ड्राइवर को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह मौका पाकर भीड़ से निकलकर भाग गया.
इसके बाद आक्रोशित लोगों ने वाहन में तोड़फोड़ कर दी. सूचना मिलते ही बागबेड़ा थाना पुलिस दल-बल के साथ मौके पर पहुंची. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग करना पड़ा. पुलिस क्षतिग्रस्त वाहन को जब्त कर थाना ले गई और घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजवाया. घटना के बाद पूरे क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा. पुलिस फरार चालक की तलाश कर रही है.
