
Jamshedpur. नाबालिग लड़की को कथित तौर पर अपहरण मामले में सिदगोड़ा थाना पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी शिवम सिंह को गिरफ्तार कर लिया है. आवश्यक कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने के बाद पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया. मामला तब प्रकाश में आया जब नाबालिग लड़की के परिजनों ने उसकी अचानक लापता होने पर अपहरण की आशंका जताते हुए थाना में शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही पुलिस ने संबंधित धाराओं और पोक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की. प्रारंभिक जांच में पुलिस को शिवम सिंह की संलिप्तता के संकेत मिले, जिसके आधार पर टीम ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की.
पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आईं, जिसके बाद आरोपी को औपचारिक रूप से गिरफ्तार किया गया. पुलिस ने बताया कि गिरफ्तारी के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में भेजने का आदेश मिला. सिदगोड़ा पुलिस अब पूरे प्रकरण की गहन जांच में जुटी है. जांच टीम नाबालिग लड़की को ले जाने की वजह, संभावित उद्देश्यों और घटनाक्रम से जुड़े सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है.
पुलिस तकनीकी साक्ष्यों, बयान और अन्य उपलब्ध सूचनाओं के आधार पर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है. अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि यह संवेदनशील मामला होने के कारण जांच अत्यंत सतर्कता और गोपनीयता के साथ की जा रही है.
